- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- दतिया उपचुनाव में 69%...
दतिया उपचुनाव में 69% मतदान, बीजेपी-कांग्रेस ने किया जीत का दावा

Gwalior ग्वालियर। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर गुरुवार को हुए उपचुनाव में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शाम 5 बजे तक विधानसभा क्षेत्र में करीब 69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम समय में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए निर्वाचन अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि इस बार मतदान प्रतिशत वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के 79 प्रतिशत आंकड़े के करीब पहुंच सकता है या उसे पार कर सकता है।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। दोपहर 3 बजे तक मतदान प्रतिशत करीब 61 प्रतिशत था, लेकिन इसके बाद ग्रामीण और शहरी इलाकों में मतदान की रफ्तार बढ़ गई। ग्रामीण क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों पर 67 से 70 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया, जबकि शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत लगभग 55 प्रतिशत रहा।
उपरायं मतदान केंद्र पर शाम तक करीब 69 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि एरई मतदान केंद्र पर 66 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर बाद कुछ समय के लिए बारिश होने के बावजूद मतदान प्रक्रिया प्रभावित नहीं हुई। बारिश रुकने के बाद मतदाता दोबारा बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचे और कई जगहों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। दतिया विधानसभा क्षेत्र के सभी 291 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सीआरपीएफ और पुलिस जवानों को तैनात किया गया। पूरे दिन किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
मतदान के बाद राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए। भाजपा नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राजघाट कॉलोनी स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कामकाज और विकास कार्यों के आधार पर जनता भाजपा के पक्ष में मतदान कर रही है।
कांग्रेस द्वारा लगाए गए बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार करते हुए कहा कि जब कांग्रेस को हार नजर आती है तो वह इस तरह के आरोप लगाने लगती है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा के साथ है और पार्टी उपचुनाव में जीत हासिल करेगी।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भी अपनी जीत का भरोसा जताया। उन्होंने तलैया मोहल्ला स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने के बाद कहा कि दतिया क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है। उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस इस उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस की ओर से घनश्याम सिंह उम्मीदवार हैं। आजाद समाज पार्टी (आसपा) ने दामोदर यादव को चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट पर कुल उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है और मतदाताओं ने सभी प्रत्याशियों का फैसला ईवीएम में कैद कर दिया है।
अब सभी की नजरें 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। इसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे और साफ हो जाएगा कि दतिया विधानसभा सीट पर जनता ने किस उम्मीदवार को अपना समर्थन दिया है।
दतिया सीट पर उपचुनाव की जरूरत कांग्रेस के तत्कालीन विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद पड़ी थी। बैंक एफडी धोखाधड़ी मामले में अदालत द्वारा तीन साल की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने जुलाई में उपचुनाव की घोषणा की थी।





