
x
Thiruvananthapuram तिरुवनंतपुरम। केरल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कट्टक्कडा में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनाव में एनडीए की सरकार बनने का दावा किया। अपने भाषण में उन्होंने यूडीएफ और एलडीएफ पर निशाना साधा। साथ ही, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और विकास के मुद्दों पर विपक्ष को घेरा। जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने दावा किया कि केरल में एनडीए का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 2014 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को राज्य में 14 प्रतिशत वोट मिले थे, जो 2019 में बढ़कर 16 प्रतिशत हो गए और 2024 में यह आंकड़ा 20 प्रतिशत तक पहुंच गया। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार केरल में एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से केरल की जनता यूडीएफ और एलडीएफ के बीच सत्ता बदलती रही है, लेकिन किसी भी सरकार ने राज्य के वास्तविक विकास की चिंता नहीं की। दोनों ही दलों की सरकारों में भ्रष्टाचार हुआ है। एलडीएफ सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने 343 करोड़ रुपए के कोऑपरेटिव बैंक घोटाले, एआई घोटाले और लाइफ मिशन घोटाले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यूडीएफ और एलडीएफ दोनों ही एक-दूसरे के भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करते, क्योंकि दोनों ही इससे जुड़े हैं। उन्होंने केरल की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि सबरीमाला सोने की चोरी के दोषियों को दो महीने के भीतर जेल भेजा जाएगा।
अमित शाह ने दोनों दलों पर तुष्टीकरण की राजनीति का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) पर प्रतिबंध लगाया, तब एलडीएफ-यूडीएफ ने विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इनकी सरकार में केरल कभी सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने वक्फ संशोधन विधेयक का जिक्र करते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार यह बिल लेकर आई, तब भी दोनों पार्टियों ने विरोध किया। एर्नाकुलम में वक्फ बोर्ड द्वारा 600 परिवारों से 400 एकड़ जमीन लेने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में भी दोनों दल चुप रहे और तुष्टीकरण की राजनीति करते रहे।
गृह मंत्री ने कांग्रेस और कम्युनिस्टों के गठबंधन पर भी सवाल उठाए और कहा कि दोनों एक ही जैसे हैं। उन्होंने सबरीमाला सोने की चोरी का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि लेफ्ट शासन में सोना लूटा गया और कांग्रेस उसे बेचने में शामिल रही। अब इन दोनों का समय खत्म हो चुका है और एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
विकास कार्यों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि केरल में रेलवे का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण हो चुका है। कोच्चि में देश की पहली वॉटर मेट्रो बनाई जा रही है, वहीं देश का पहला डेडिकेटेड कंटेनर ट्रांस-शिपमेंट पोर्ट और पहला डिजिटल साइंस पार्क भी केरल में स्थापित किया गया है। एक समय यह माना जाता था कि केरल में कमल नहीं खिल सकता, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। 2016 में पहली बार भाजपा का विधायक चुना गया, 2024 में पहली बार सांसद और 2025 में तिरुवनंतपुरम में पहली बार भाजपा का मेयर बना। अब समय आ गया है कि केरल में एनडीए का मुख्यमंत्री बने।
Tagsकेरल विधानसभा चुनावअमित शाहएनडीएयूडीएफएलडीएफभ्रष्टाचारतुष्टीकरणविकासजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





