Alappuzha मामले में पुलिस ने जांच में लापरवाही से किया इनकार

Kerala: केरल के अलाप्पुझा में एक दुर्घटना के बाद अस्पताल ले जाए जा रही महिला के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने जांच में किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है। जिला पुलिस प्रमुख ने इस मामले पर राज्य पुलिस प्रमुख को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें कहा गया है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। घटना 4 अप्रैल की बताई जा रही है, जब एक महिला सड़क दुर्घटना में घायल हुई थी और उसे कायमकुलम अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसके साथ कथित छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने समय पर गोपनीय बयान दर्ज नहीं किया और मेडिकल जांच भी नहीं कराई गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि इसके लिए अदालत में याचिका दायर की गई है और प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं।





