
Kerala केरल : केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड और मालदीव सरकार की सहायक कंपनी स्टेट ट्रेडिंग ऑर्गनाइजेशन पीएलसी ने मालदीव को किफायती कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं सहित चिकित्सा उपकरण की आपूर्ति के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के तहत हस्ताक्षरित समझौते के तहत, एच.एल.एल. के नेतृत्व में मालदीव के सभी हिस्सों में आवश्यक दवाओं का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। एच.एल.एल. के साथ सहयोग का लक्ष्य दवाओं और अन्य चिकित्सा सेवाओं की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करना है। इस परियोजना के तहत 2,000 से अधिक गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां और 300 से अधिक सर्जिकल उपकरण वितरित किए जाएंगे।
कोविड काल में एच.एल.एल. मालदीव को दवाओं और संबंधित उपकरणों के निर्यात में अग्रणी रहा। आपसी सहयोग से मालदीव के सामने मौजूद दवा संकट को दूर करने में मदद मिलेगी, साथ ही दुनिया की सबसे कुशल दवा वितरण श्रृंखला, जन औषधि की सेवाओं का लाभ भी उठाया जा सकेगा।





