कर्नाटक

पाकिस्तान ISIS से संबंध के आरोप में युवक पकड़ा कलबुर्गी में सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई

nidhi
14 Aug 2026 7:39 AM IST
पाकिस्तान ISIS से संबंध के आरोप में युवक पकड़ा कलबुर्गी में सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई
x
कर्नाटक के कलबुर्गी में बड़ा खुलासा पाकिस्तान और ISIS लिंक के आरोपों पर युवक हिरासत में
कलबुर्गी : कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी एक युवक को कथित देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस और जांच एजेंसियों के अनुसार, युवक पर सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी गतिविधियों से जुड़े होने और पाकिस्तान व आतंकी संगठन आईएसआईएस से कथित संपर्क रखने का आरोप है।
गिरफ्तार युवक की पहचान सीतापुर जिले के सदरपुर निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद समीर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह करीब आठ साल पहले कर्नाटक आया था और यहां मजदूरी करता था। तकनीकी निगरानी और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया पर ऐसे कई अकाउंट्स को फॉलो कर रहा था, जिन पर देश विरोधी और कट्टरपंथी सामग्री से जुड़े होने का संदेह है। जांच एजेंसियों ने उसके मोबाइल फोन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है, ताकि डिजिटल गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा सके।
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश एटीएस और कलबुर्गी पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ कलबुर्गी के यूनिवर्सिटी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब उसके कथित संपर्कों, सोशल मीडिया नेटवर्क और अन्य गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी। फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का किसी संगठित नेटवर्क से संबंध है या नहीं और उसके संपर्क किन लोगों से थे।
Next Story