
Jharkhand: धनबाद के कोयला नगर स्थित अन्नपूर्णा हॉल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की ओर से ‘योग संगम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस पर दिए गए संबोधन के लाइव प्रसारण से हुई। इसके बाद सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बीसीसीएल के अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवार के सदस्य और विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर योगासन और प्राणायाम किए।
सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण माहौल में योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत करता है।
उन्होंने बीसीसीएल की ‘योग 365’ पहल का भी जिक्र किया और कहा कि कर्मचारियों को साल के 365 दिन योग को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने अपील की कि योग को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानकर रोजमर्रा की आदत में शामिल किया जाए।
कार्यक्रम में मानव संसाधन निदेशक मुरली कृष्ण रमैया, तकनीकी संचालन निदेशक संजय कुमार सिंह, तकनीकी योजना एवं परियोजना निदेशक राजीव कुमार सिन्हा, वित्त निदेशक राजेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा अर्चना अग्रवाल और अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
अंत में सीएमडी ने कहा कि योग अपनाने से स्वस्थ समाज और सुरक्षित कार्यस्थल का निर्माण संभव है। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।





