
Jharkhand: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर के साथ झारखंड की राजधानी रांची में भी विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर सत्यानन्द योग मिशन, रांची की ओर से शहर के कई प्रतिष्ठित संस्थानों और स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। मिशन के प्रशिक्षकों ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर योग दिवस को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल देखा गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योगाभ्यास किया और नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
झारखंड उच्च न्यायालय में आयोजित विशेष योग सत्र में मिशन के निदेशक स्वामी मुक्तरथ ने न्यायाधीशों और अधिकारियों को योगाभ्यास कराया। इस कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश एम.एस. सोनक, जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद, जस्टिस राजेश शंकर, जस्टिस अनुभा रावत, जस्टिस दीपक रौशन, जस्टिस प्रदीप कुमार श्रीवास्तव सहित रजिस्ट्रार जनरल सत्यप्रकाश सिन्हा, एडवोकेट जनरल, वरिष्ठ अधिकारी, अधिवक्ता और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ रहने का संकल्प लिया। योग सत्र का संचालन स्वामी मुक्तरथ के साथ सहयोगी अवनीश कुमार, श्रुतिकीर्ति और रोहित कुमार ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम की विधि समझाई और नियमित अभ्यास के लाभ बताए।
इसके अलावा बायोडायवर्सिटी पार्क, तुपुदाना में भी सत्यानन्द योग मिशन द्वारा योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सुमित कुमार ठाकुर ने मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजीव रंजन सहित डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को योग कराया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि नियमित योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन भी बनाए रखता है। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला।





