Jharkhand: बोकारो, झारखंड में रेल यात्रियों को आने वाले दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में 22 जून से 28 जून 2026 तक एक सप्ताह का संयुक्त रोलिंग ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक इंजीनियरिंग, टीआरडी और सिग्नल-टेलीकम्युनिकेशन विभाग द्वारा आवश्यक अनुरक्षण कार्य के लिए किया जा रहा है।
इस दौरान बोकारो और आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार कई मेमू ट्रेनें अलग-अलग तिथियों पर रद्द रहेंगी। इनमें 68061/68062 आद्रा–आसनसोल–आद्रा मेमू 22 और 25 जून को रद्द रहेगी। वहीं 68090/68089 आद्रा–मिदनापुर–आद्रा मेमू 23, 26 और 28 जून को और 68077/68078 आद्रा–भागा–आद्रा मेमू 25 और 28 जून को रद्द रहेगी। इसके अलावा कई ट्रेनों के मार्ग में भी आंशिक बदलाव किया गया है। 18116/18115 चक्रधरपुर–गोमो–चक्रधरपुर मेमू 23, 26 और 28 जून को महुदा स्टेशन तक ही चलेगी। इस दौरान महुदा से गोमो के बीच ट्रेन सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। इसी तरह 13503/13504 बर्धमान–हटिया–बर्धमान एक्सप्रेस 25 और 28 जून को गोमो तक ही संचालित होगी। गोमो से हटिया के बीच ट्रेन सेवा नहीं चलेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को अधिक सुचारू बनाने के लिए जरूरी है। हालांकि इस दौरान यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सेवाओं में सुधार होगा।







