झारखंड

नीट परीक्षा से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

Saba Naaz
21 Jun 2026 2:28 PM IST
नीट परीक्षा से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
x

Jharkahand: धनबाद, झारखंड में रविवार को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET Re-Exam) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता को रोकने के लिए पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।

एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के वरीय अधिकारी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। उन्होंने तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी माहौल में कराई जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की कड़ी जांच के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। इसके अलावा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी गई। पुलिस जवान और अधिकारी लगातार गश्त करते रहे और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए थे। पूरे परीक्षा समय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सक्रिय और सतर्क रही।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई व्यक्ति परीक्षा की निष्पक्षता में बाधा डालने या गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की सख्ती और पुलिस की सतर्कता के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था सामान्य रही और किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

Next Story