
Jharkhand: चाईबासा (चांडिल): सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत कांठालडीह से ससांगडीह तक 1.85 किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण 164.92 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत इस परियोजना का शिलान्यास ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने रविवार को विधिवत नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर किया।
इस मौके पर विधायक सविता महतो ने कहा कि यह सड़क ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने संवेदक को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि ग्रामीणों को जल्द इसका लाभ मिल सके। इस सड़क के बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने नीमडीह प्रखंड के लुपुंगडीह टोला डूमरडीह में स्थित एक सरकारी तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का भी उद्घाटन किया। यह कार्य 12 लाख रुपये की लागत से पूरा किया गया है, जिससे किसानों और ग्रामीणों को सिंचाई और अन्य उपयोग में लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य असित सिंह पातर, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, टिंकू राम महतो, विश्वनाथ गोप, रमापति महतो, सुरजीत महतो, मंगल मांझी, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सड़क और तालाब दोनों परियोजनाओं की शुरुआत का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।





