
Jharkhand: जमशेदपुर में तुरामडीह विस्थापितों के न्याय और लंबित मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन को भाजपा का समर्थन मिल गया है. भाजपा जमशेदपुर महानगर ने साफ किया है कि पार्टी विस्थापितों के हक और अधिकार की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है. इस आंदोलन में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के शामिल होने की घोषणा के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है.
तुरामडीह माइंस गेट (सुंदरनगर) पर सोमवार को आयोजित धरना-प्रदर्शन का आयोजन विस्थापित समिति द्वारा किया जा रहा है. भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि माइंस की स्थापना के समय नांदुप मौजा के कई परिवार विस्थापित हुए थे, जिनकी जमीन, घर और धार्मिक स्थल तक परियोजना के लिए अधिग्रहित किए गए. लेकिन वर्षों बीतने के बाद भी विस्थापितों की कई समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है.
भाजपा ने कहा कि पार्टी हमेशा से शोषित और वंचित वर्ग के साथ खड़ी रही है और इसी वजह से इस आंदोलन को समर्थन दिया गया है. संजीव सिन्हा ने बताया कि पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता भी धरना स्थल पर पहुंचेंगे और विस्थापितों के साथ अपनी आवाज बुलंद करेंगे.
उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को सरकार और संबंधित प्रबंधन तक मजबूती से पहुंचाएगी ताकि विस्थापित परिवारों को उनका अधिकार मिल सके. सोमवार सुबह 10 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के धरना स्थल पर पहुंचने की तैयारी है.





