
Jharkhand: साहिबगंज में एक बेहद साधारण परिवार से निकलकर सौरभ कुमार अकेला ने बड़ी सफलता हासिल की है. जैप-09 रोड के पास चाय की दुकान चलाने वाले श्रीकांत मिश्रा के बेटे सौरभ ने अपने पहले ही प्रयास में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा पास कर ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) पद हासिल कर लिया है. उनकी इस उपलब्धि से साहिबगंज और कटिहार दोनों जगह खुशी का माहौल है.
सौरभ कुमार मूल रूप से कटिहार जिले के बरारी प्रखंड के मोहना चांदपुर गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता श्रीकांत मिश्रा साहिबगंज में चाय की छोटी दुकान चलाते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर रही, लेकिन इसके बावजूद माता-पिता ने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी.
सौरभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल से की. इसके बाद उन्होंने डीएस कॉलेज कटिहार से इंटरमीडिएट और फिर पटना के बीएन कॉलेज से ग्रेजुएशन किया. वर्तमान में वे एलएलबी की पढ़ाई कर रहे थे. पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने बिना किसी बड़े कोचिंग के BPSC की तैयारी जारी रखी.
कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने पहले ही प्रयास में परीक्षा पास कर ली. उनकी सफलता का श्रेय वे अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार को देते हैं. सौरभ का कहना है कि उनके माता-पिता के संघर्ष और भरोसे ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी.
इस सफलता के बाद उनके घर और चाय की दुकान पर बधाई देने वालों की भीड़ लग गई है. स्थानीय लोग इसे मेहनत और संघर्ष की प्रेरणादायक कहानी बता रहे हैं.





