झारखंड

स्टेशनों पर टाइट सिक्योरिटी

Saba Naaz
27 Jun 2026 4:25 PM IST
स्टेशनों पर टाइट सिक्योरिटी
x

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए देवघर जिला प्रशासन और रेलवे ने कमर कस ली है। मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जसीडीह जंक्शन, देवघर रेलवे स्टेशन और बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। शनिवार को समाहरणालय में उपायुक्त (डीसी) सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इन तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।

भगदड़ से बचाव के लिए विशेष क्राउड मैनेजमेंट प्लान

समीक्षा बैठक के दौरान डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या भगदड़ से बचने के लिए सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों के लिए एक पुख्ता 'क्राउड मैनेजमेंट प्लान' (भीड़ नियंत्रण योजना) तैयार किया जाए। इसके तहत स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों और आरपीएफ (RPF) जवानों की तैनाती की जाएगी। साथ ही, चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनके जरिए चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष से निगरानी रखी जाएगी।

चलेगी स्पेशल ट्रेनें, बढ़ेंगे टिकट काउंटर

बाहरी राज्यों से आने वाले शिवभक्तों की सहूलियत और स्टेशनों पर दबाव कम करने के लिए रेलवे के सहयोग से अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा, यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। स्टेशनों पर यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए 'सूचना-सह-सहायता केंद्र' भी सक्रिय रहेंगे, ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो।

24 घंटे मेडिकल कैंप, पेयजल और शेड की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं का ख्याल रखते हुए स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में वाटरप्रूफ शेड, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल और अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था की जा रही है। किसी भी आपातकालीन स्वास्थ्य स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे संचालित होने वाले मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में डॉक्टरों की टीम और आवश्यक दवाएं हर समय उपलब्ध रहेंगी।

समय सीमा में काम पूरा करने का निर्देश

डीसी ने स्पष्ट किया कि बाबा नगरी आने वाले कांवरियों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को निर्देश दिया कि मेले की शुरुआत से पहले सभी बुनियादी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित आसनसोल मंडल के वरीय रेल अधिकारी और स्टेशन प्रबंधक उपस्थित थे।

Next Story