झारखंड

Jharkhand : टंडवा-पिपरवार मार्ग पर कोल वाहन की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त

Kavita2
27 Jun 2026 3:57 PM IST
Jharkhand  : टंडवा-पिपरवार मार्ग पर कोल वाहन की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त
x

Jharkhand झारखण्ड : टंडवा-पिपरवार मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कोल वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह घटना टंडवा ब्लॉक मोड़ से आगे नईपारम के पास हुई।

कार का नंबर जेएच 01 एफए 6554 बताया गया है। हादसे में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि उन्हें हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कोयला ढुलाई में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण राहगीरों और स्थानीय निवासियों में डर का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और कोल कंपनियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिना उचित नियंत्रण के भारी वाहन लगातार इस मार्ग पर दौड़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

स्थानीय मुखिया महेश मुंडा ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि आम्रपाली, चट्टी बरियातू और पांडु माइंस से रोजाना बड़े पैमाने पर कोयले की ढुलाई की जाती है। लेकिन इसके लिए अलग समर्पित सड़क नहीं होने के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने मांग की कि कोल वाहनों के लिए अलग मार्ग बनाया जाए और मौजूदा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और नियंत्रित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

फिलहाल पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Next Story