
Jharkhand: गुमला जिले के लोगों के लिए राहत की खबर है। सदर अस्पताल स्थित ब्लड सेंटर को नया लाइसेंस मिल गया है, जिससे जिले में लंबे समय से चल रही रक्त की कमी की समस्या दूर होने की उम्मीद है। अब ब्लड सेंटर में स्थानीय स्तर पर रक्त का संग्रहण, भंडारण और वितरण फिर से शुरू हो सकेगा।
जिला प्रशासन ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2022 में लाइसेंस समाप्त होने के बाद ब्लड सेंटर का संचालन प्रभावित हो गया था। इसके कारण मरीजों को रक्त के लिए दूसरे जिलों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।
नया लाइसेंस मिलने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था को बड़ी राहत मिली है। खासकर सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया से पीड़ित करीब 250 मरीजों को इसका सीधा फायदा मिलेगा, जिन्हें नियमित रूप से रक्त की जरूरत होती है।
पहले रक्त को रिम्स भेजा जाता था और फिर वापस मंगाया जाता था, जिससे कई बार देरी और कमी की स्थिति बनती थी। अब यह प्रक्रिया खत्म हो जाएगी और स्थानीय स्तर पर ही रक्त उपलब्ध रहेगा।
सिविल सर्जन ने बताया कि अब मरीजों को रक्त लेने के लिए डोनर लाने की बाध्यता भी नहीं होगी। जरूरतमंद मरीजों को बिना डोनर भी रक्त मिल सकेगा। प्रशासन ने नियमित रक्तदान शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं ताकि जिले को रक्त के मामले में आत्मनिर्भर बनाया जा सके।





