झारखंड

फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित छात्राओं का हाल जाना गया

Ashish verma
27 Jun 2026 8:14 PM IST
फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित छात्राओं का हाल जाना गया
x

गढ़वा/भवनाथपुर। झारखंड के गढ़वा जिले के खरौंधी प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में बीमार हुई छात्राओं से शनिवार को उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवनाथपुर पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने भर्ती छात्राओं का हाल जाना और चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली। प्रशासन के अनुसार सभी छात्राओं की स्थिति अब सामान्य है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम विद्यालय में 100 से अधिक छात्राएं अचानक अस्वस्थ हो गई थीं। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और सभी छात्राओं को तत्काल भवनाथपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। उपायुक्त ने अस्पताल में एक-एक छात्रा से मिलकर उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

छात्राओं ने बताया कि रात का भोजन करने के बाद उन्होंने विद्यालय की टंकी का गर्म पानी पी लिया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इलाज के बाद अब अधिकांश छात्राएं स्वस्थ हैं, जबकि कुछ को हल्का सिरदर्द है और उनका उपचार जारी है। प्रशासन ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद कई छात्राओं को शुक्रवार रात ही उनके अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया था। केवल कुछ छात्राओं को एहतियात के तौर पर निगरानी में रखा गया है, जिन्हें जल्द ही छुट्टी दी जाएगी।

घटना के बाद मेडिकल टीम पूरी रात अस्पताल और विद्यालय में तैनात रही। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं का स्वास्थ्य और सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन मामले की निगरानी कर रहा है।

Next Story