
बोकारो (पिंड्राजोरा): झारखंड के बोकारो जिले के पिंड्राजोरा क्षेत्र में मंईंया सम्मान योजना के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों द्वारा मोबाइल नंबर 7024887455 से लाभुक महिलाओं को कॉल कर योजना के सत्यापन के नाम पर आधार कार्ड और अन्य गोपनीय जानकारी मांगी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, कॉल करने वाले खुद को सरकारी अधिकारी बताकर महिलाओं को डराते हैं कि उनके खाते या आवेदन में गड़बड़ी है और अगर तुरंत सुधार नहीं किया गया तो योजना की किस्त रुक जाएगी। इसके बाद आधार डिटेल और बैंक संबंधी जानकारी देने का दबाव बनाया जाता है, साथ ही पैसे की मांग भी की जा रही है। इस मामले को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है और कई लोग ठगी का शिकार होने से बाल-बाल बचे हैं।
बीडीओ ने दी चेतावनी
चास प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) प्रदीप कुमार ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह फर्जी कॉल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार या प्रखंड कार्यालय की ओर से किसी भी लाभुक को इस तरह फोन नहीं किया जाता और न ही किसी प्रकार की गोपनीय जानकारी या पैसे की मांग की जाती है।
प्रशासन की अपील
बीडीओ ने लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि आधार नंबर, ओटीपी, बैंक डिटेल या पैसे मांगे तो उसे साझा न करें। उन्होंने कहा कि ऐसी कॉल आने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल पर भरोसा न करने की अपील की है, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।





