
Jharkhand: गुमला जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और बढ़ते अपराध पर नियंत्रण के लिए एसपी हारिस बिन जमां ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। जिला आदेश संख्या 474/2026 के तहत कुल 8 पुलिस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला और नई तैनाती की गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में जिन थाना क्षेत्रों में अपराध की घटनाएं बढ़ी थीं, वहां के थानेदारों को पद से हटा दिया गया है। कई अधिकारियों को सीधे पुलिस लाइन भेजा गया है।
नई नियुक्तियों के तहत आशीष केशरी को भरनो थाना से हटाकर कामडारा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं अंकित राज को पालकोट थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस केंद्र गुमला में तैनात शिल्पा कुजूर को महिला थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य अधिकारियों को भी अलग-अलग थानों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
इसी क्रम में कामडारा, पालकोट, सुरसांग और महिला थाना के वर्तमान प्रभारियों को हटाकर पुलिस केंद्र भेज दिया गया है। हटाए गए अधिकारियों में लापरवाही और क्षेत्र में बढ़ते अपराध को मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तुरंत नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने और अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का सख्त निर्देश दिया है। साथ ही पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह कदम जरूरी बताया गया है।
इस बड़े फेरबदल के बाद जिले में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और सख्ती को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।





