झारखंड

खिलाड़ियों में दिखा उत्साह, मौसम ने नहीं रोका खेल

Saba Naaz
5 July 2026 8:39 PM IST
खिलाड़ियों में दिखा उत्साह, मौसम ने नहीं रोका खेल
x

JHARKHAND: खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में रविवार को अर्जुना कप जिला फुटबॉल लीग का भव्य उद्घाटन हुआ। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस लीग में बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि कठिन मौसम के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों का जज्बा सराहनीय है। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और बेहतर अवसर देने की है, ताकि वे राज्य और देश स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

प्रतियोगिता के पहले मैच में दीनबंधु क्लब चक्रधरपुर और अर्बन सिटी सीतारामपुर के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। 21वें मिनट में चक्रधरपुर की ओर से अमित ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में सीतारामपुर के अनुज हांसदा ने शानदार गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हुआ और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

दिन के दूसरे मुकाबले में सेरेंगदा एफसी और एसएमसी प्रधानगोड़ा के बीच मैच खेला गया। इस मुकाबले में एसएमसी प्रधानगोड़ा ने 2-1 से जीत दर्ज कर तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।

मैच संचालन में रेफरी की भूमिका रघुनाथ महतो, समीर महतो, अनुराग सोय और तपन नायक ने निभाई। उद्घाटन कार्यक्रम में मो. दिलदार सहित कई खेल प्रेमी, खिलाड़ी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन में बारिश के बावजूद उत्साह और जोश देखने को मिला।

Next Story