
रांची। शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने बड़ी योजना की शुरुआत की है। कांके रोड से बिरसा चौक तक मॉडल कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, वहीं सिरमटोली से बहुबाजार तक की सड़क का भी व्यापक कायाकल्प किया जाएगा। इस योजना से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कांके रोड स्थित राम मंदिर से रातू रोड चौक, हरमू बाइपास होते हुए कैलाशपति मिश्र चौक और सिरमटोली चौक से इंदिरा गांधी चौक, चुटिया होते हुए बहुबाजार तक के मार्गों की स्थिति का जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि इन सभी मार्गों को चरणबद्ध तरीके से मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही बड़े स्तर पर मेगा ड्राइव चलाया जाएगा, जिसमें सड़क, फुटपाथ, अतिक्रमण और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य शामिल होंगे।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था, फुटपाथ, पार्किंग, स्वच्छता, हरित क्षेत्र और सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ केवल पैदल यात्रियों के लिए हैं और उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां फुटपाथ नहीं हैं, वहां नए पाथवे बनाए जाएंगे। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मॉडल कॉरिडोर क्षेत्र में सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों की ट्रेड लाइसेंस जांच की जाएगी। बिना लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई होगी। साथ ही आवासीय क्षेत्रों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों की भी जांच की जाएगी।
सौंदर्यीकरण के तहत सड़क मेडियन पर बागवानी, दीवारों पर पेंटिंग और ग्रीन पैच विकसित किए जाएंगे। कैलाशपति मिश्र चौक के पास एक सार्वजनिक पार्क विकसित करने का भी प्रस्ताव है। सिरमटोली चौक से बहुबाजार तक सड़क के दोनों ओर फेवर ब्लॉक पाथवे, वेंडिंग जोन और यात्री सुविधाएं विकसित करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए एक विशेष टास्क फोर्स भी गठित की जाएगी। नगर निगम का कहना है कि आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख मार्गों को भी इसी मॉडल पर विकसित किया जाएगा।





