
रांची। मोरहाबादी मैदान में लगने वाले साप्ताहिक हाट को नगर निगम द्वारा शनिवार को रोक दिए जाने के बाद बड़ा हंगामा देखने को मिला। कचरा ट्रांसफर स्टेशन के पास लगने वाला यह बाजार सुबह से ही नहीं लगने दिया गया, जिससे दुकानदारों में नाराजगी फैल गई।
नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम सुबह ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई थी। जैसे ही दुकानदार अपनी दुकान लगाने पहुंचे, उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। विरोध बढ़ने पर दुकानदारों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी शुरू कर दी।
दुकानदारों का कहना है कि वे लंबे समय से यहां सब्जी और अन्य सामान बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन अचानक बाजार बंद किए जाने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। कई दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उन्हें हटाना सही नहीं है।
हंगामे के बाद सभी दुकानदार नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात कर वैकल्पिक स्थान की मांग रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी जगह दी जाए जहां वे बिना परेशानी के दुकान लगा सकें और उनका रोजगार चलता रहे।
इस मामले पर नगर निगम ने कहा है कि जाम और अव्यवस्था की समस्या को देखते हुए कार्रवाई की गई है। वहीं, दुकानदारों की मांग पर मेयर रोशनी खलखो ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक बुलाने की बात कही है। बैठक में दुकानदारों के लिए वैकल्पिक जगह तय करने पर चर्चा होगी, ताकि किसी को भी आर्थिक नुकसान न हो और शहर में यातायात भी सुचारू रहे।
फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन दुकानदारों में नाराजगी बनी हुई है और वे जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।





