
रांची: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर उसे जमा किया। यह कार्यक्रम गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित किया गया, जहां निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने मतदाता विवरण को सत्यापित कराएं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बूथ संख्या 290 (64-हटिया विधानसभा क्षेत्र) की बीएलओ वेरोनिका देवी की उपस्थिति में अपना प्रपत्र भरा। उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, एसडीएम कुमार रजत, ईआरओ सह एडीएम रांची धनंजय समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार हर नागरिक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए यह अभियान अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल अपना ही नहीं बल्कि अपने परिवार, पड़ोस और समाज के सभी पात्र मतदाताओं को भी इस प्रक्रिया से जोड़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की ताकत नागरिकों की भागीदारी में निहित है, इसलिए हर योग्य नागरिक को समय पर अपना प्रपत्र भरना चाहिए। राज्य भर में बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और मतदाताओं के विवरण का मौके पर ही सत्यापन किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
इस अभियान को लेकर राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम भी शुरू किया है ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें। अधिकारियों के अनुसार यह प्रक्रिया आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची को और अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए की जा रही है। मुख्यमंत्री के इस कदम को प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे लोगों में अभियान को लेकर जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है।





