झारखंड

जमशेदपुर में सनसनीखेज वारदात

Saba Naaz
2 July 2026 5:39 PM IST
जमशेदपुर में सनसनीखेज वारदात
x

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला कर बदमाशों ने उसका पर्स लूट लिया। घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। यह घटना उस समय हुई जब जिले में नए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने हाल ही में पदभार संभाला है, जिससे पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, बिरसानगर जोन नंबर-1बी निवासी अशीम बनर्जी रात करीब 12 बजे मानगो से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान टेल्को थाना क्षेत्र के तार कंपनी रोड के पास पीछे से आ रहे तीन अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। अचानक हुए हमले में अपराधियों ने चलती बाइक पर ही उन पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमले से बचने के लिए अशीम ने बाइक रोक दी और दोनों हाथों से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद अपराधियों ने मौका पाकर उनका पर्स लूट लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनके दोनों हाथों में गहरे घाव हैं और आगे प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। इस वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। नए एसएसपी के कार्यभार संभालते ही हुई इस घटना को अपराधियों की खुली चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

Next Story