झारखंड

चतरा में सनसनी, युवक ने किया चौंकाने वाला कृत्य

Saba Naaz
4 July 2026 4:59 PM IST
चतरा में सनसनी, युवक ने किया चौंकाने वाला कृत्य
x

Jharkhand: चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव में बुधवार को एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां बुधन भारती नाम के युवक ने दो जहरीले सांपों को जिंदा पकड़कर ग्रामीणों के सामने ही चबा डाला। इस खौफनाक घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, युवक ने पहले सांपों को पकड़ा और फिर बिना किसी डर के उन्हें मुंह में डालकर चबा लिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने स्थिति को गंभीर समझते हुए स्थानीय मुखिया मनोज कुमार साहू को जानकारी दी।

मुखिया ने तत्परता दिखाते हुए अपने निजी खर्च पर वाहन की व्यवस्था की और युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) प्रतापपुर भेजा गया। वहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुमार संजीव ने युवक का प्राथमिक उपचार किया और उसकी स्थिति की जांच की। डॉक्टरों के अनुसार, युवक फिलहाल खतरे से बाहर है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। हालांकि, उसे निगरानी में रखा गया है और घर पर आराम की सलाह दी गई है।

इस घटना को लेकर जब युवक बुधन भारती से बात की गई तो उसने हैरान करने वाला बयान दिया। उसने कहा कि वह लोगों के मन से सांप का डर दूर करना चाहता था और इसी कारण उसने ऐसा किया। उसने यह भी कहा कि कुछ देशों में लोग सांप खाते हैं, इसलिए उसने भी ऐसा करने की कोशिश की। इस घटना के बाद गांव में अभी भी डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। लोग इस अजीबोगरीब हरकत को लेकर हैरान हैं और किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं।

Next Story