
झारखंड: गोड्डा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के पुनसिया गांव के पास गोड्डा-हंसडीहा फोरलेन सड़क पर हुई, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसका शरीर कई टुकड़ों में बंट गया। मृतक की पहचान पुनसिया गांव निवासी राजन कुमार (पिता हरिमोहन मंडल) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजन कुमार अपने नए घर की ओर बाइक से जा रहे थे, जो राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बन रहा था। इसी दौरान गोड्डा की तरफ से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के पुर्जे करीब 200 फीट दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने गुस्से में आकर गोड्डा-हंसडीहा फोरलेन सड़क को जाम कर दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की।
सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी दिनेश महली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद यातायात फिर से सामान्य हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पुनसिया गांव में शोक का माहौल है। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में घटना को लेकर आक्रोश और दुख का माहौल बना हुआ है।





