झारखंड

जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत

Saba Naaz
1 July 2026 5:57 PM IST
जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत
x

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड में सोमवार को तीन पंचायतों में विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी गई। जिला परिषद निधि (15वें वित्त आयोग) से लगभग 23.86 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क और नाली निर्माण योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा। शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जीप सदस्य मालती देवगम, अमोदिनी महतो और सुलेखा हांसदा ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण किया और नारियल फोड़कर योजनाओं की शुरुआत की।

इन योजनाओं के तहत डुमरडीहा, बीजाडीह और जोनबनी पंचायत में काम शुरू किया गया है। डुंगरीसाई टोला में कांडे हो के घर से आशीष बेहरा के घर तक 550 फीट लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण होगा। वहीं अर्जुनबिला टोला समोरसाई में चेकडैम से कनाई पुरती के खेत तक 550 फीट लंबी नाली बनाई जाएगी। इसके अलावा अमलातोला गांव में उत्क्रमित मध्य विद्यालय से लोबिन महतो के घर तक 300 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा।

जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं सबसे जरूरी हैं। बरसात के समय कच्ची सड़कों और जलजमाव के कारण लोगों को भारी परेशानी होती है। इन योजनाओं से खासकर समोरसाई और आसपास के इलाकों में जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा और गांवों में आवागमन आसान बनेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जिला परिषद के माध्यम से उप स्वास्थ्य केंद्र, बस स्टैंड, पंचायत भवन, सड़क और पुलिया जैसी कई योजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने इस विकास कार्य का स्वागत किया। इन योजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ-साथ ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही कीचड़ और जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

Next Story