झारखंड

रांची के शूटिंग क्लब में चेंजिंग रूम की रिकॉर्डिंग, ट्रेनर गिरफ्तार

nidhi
6 Oct 2026 10:39 AM IST
रांची के शूटिंग क्लब में चेंजिंग रूम की रिकॉर्डिंग, ट्रेनर गिरफ्तार
x
छात्राओं के चेंजिंग रूम में रखा मोबाइल
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक रायफल शूटिंग ट्रेनिंग सेंटर के महिला चेंजिंग रूम में मोबाइल रखकर छात्राओं की कथित वीडियो रिकॉर्डिंग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में ट्रेनर सचिन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी चतरा जिले का रहने वाला बताया गया है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के हरमू रोड स्थित चतरा रायफल शूटिंग क्लब का है। रविवार को प्रशिक्षण लेने वाली छात्राओं को चेंजिंग रूम के पास संदिग्ध तरीके से रखा मोबाइल मिला। इसकी जानकारी मिलते ही छात्राओं ने अपने अभिभावकों को बुलाया, जिसके बाद क्लब के बाहर हंगामा हुआ और मामले की जांच की मांग की गई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। रिपोर्ट के मुताबिक फुटेज में ट्रेनर सचिन कुमार को चेंजिंग रूम में मोबाइल रखते देखा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में छात्राओं की वीडियो रिकॉर्डिंग करने के उद्देश्य से मोबाइल रखने की बात स्वीकार की है। उसका कथित तौर पर कहना था कि सेंटर बंद होने के बाद वह मोबाइल निकाल लेता था, लेकिन इस बार छात्राओं को पहले ही मोबाइल मिल गया और मामला सामने आ गया।
मोबाइल में मिले कई वीडियो
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की शुरुआती जांच की। अधिकारियों के मुताबिक फोन में चेंजिंग रूम और बाथरूम से जुड़े कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि रिकॉर्डिंग का सिलसिला काफी समय से चल रहा हो सकता है। मोबाइल फोन को अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि कुल कितनी छात्राओं की रिकॉर्डिंग की गई, वीडियो कब-कब बनाए गए और क्या इन्हें किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा या ऑनलाइन अपलोड किया गया था।
एक पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आने वाले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। घटना के बाद छात्राओं और उनके अभिभावकों ने सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। चेंजिंग रूम और बाथरूम जैसी निजी जगहों में इस तरह रिकॉर्डिंग की कोशिश का आरोप बेहद गंभीर है। अब पुलिस आरोपी के मोबाइल और क्लब के सीसीटीवी रिकॉर्ड के जरिए पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
Next Story