
x
Ranchi रांची: झारखंड की राजधानी रांची में आज महाप्रभु जगन्नाथ की भव्य और ऐतिहासिक रथ यात्रा निकाली जाएगी. भगवान का रथ खींचने के लिए हजारों श्रद्धालु मुख्य मंदिर पहुंचेंगे. भक्त भगवान का रथ खींचकर मौसीबाड़ी लाएंगे. आज से रांची में भव्य जगन्नाथ मेला लगेगा. हालांकि, बारिश के बीच रथ यात्रा निकलने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में कम दबाव और मानसून के काफी सक्रिय होने के कारण 30 जून तक राज्य के दक्षिणी हिस्से में रुक-रुक कर वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है. ऐसे में संभावना है कि बारिश के बीच रथ यात्रा निकाली जाएगी. लेकिन जगन्नाथ स्वामी के प्रति आस्था और विश्वास में कोई कमी नहीं आएगी|
भक्त बारिश में भीगते हुए भगवान का रथ खींचने के लिए तैयार हैं. बता दें कि 15 दिनों के एकांतवास के बाद गुरुवार को महाप्रभु जगन्नाथ जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र भक्तों के बीच आए. गुरुवार की सुबह स्नान मंडप में भगवान की नित्य पूजा की गयी. सुबह की पूजा के बाद उन्हें हलवे का भोग लगाया गया. फिर दोपहर 12 बजे उन्हें भोग लगाया गया. शाम को 108 दीपों की मंगलाआरती की गयी और भगवान की नित्य पूजा की गयी. शुक्रवार को शाम पांच बजे से भगवान का रथ खींचा जायेगा. इससे पहले सुबह दो बजे भगवान को रथ पर विराजमान किया जायेगा. शुक्रवार को भगवान मौसीबाड़ी पहुंचेंगे. इस अवसर पर उनके दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ेगी|
मौसम विभाग के अनुसार 27 जून को रथ यात्रा के दिन रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है. राजधानी में दिनभर बादल छाये रहेंगे और बीच-बीच में हल्की और मध्यम बारिश होती रहेगी. वहीं, 28 जून को रांची, कोडरमा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम और हजारीबाग में मध्यम और भारी बारिश की चेतावनी है. ऐसे में श्रद्धालु बारिश का आनंद लेते हुए जगन्नाथ मेले में घूमेंगे। इधर, 29 जून को रांची, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, रामगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए इन जिलों में "ऑरेंज अलर्ट" जारी किया गया है।
Next Story





