झारखंड

Ranchi: सरकारी स्कूल की छत गिरी, एक की मौत, तीन घायल

Sarita
19 July 2025 9:04 AM IST
Ranchi: सरकारी स्कूल की छत गिरी, एक की मौत, तीन घायल
x
-Ranchi रांची: झारखंड की राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के पिस्का मोड़ स्थित टंगराटोली बस्ती में शुक्रवार सुबह एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की पुरानी और जर्जर इमारत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। इमारत के मलबे में दबकर सुरेश बैठा नाम के एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह घटना सुबह साढ़े सात से आठ बजे के बीच हुई। सरकारी स्कूल की जर्जर इमारत छत समेत ढह गई। हादसे के वक्त इमारत के अंदर चार लोग मौजूद थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया। घायलों की पहचान रोहित तिर्की, प्रीतम और नितिन तिर्की के रूप में हुई है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। एक घायल की कमर और दूसरे के पैर टूटने की भी खबर है। इस घटना से गुस्साए टंगराटोली बस्ती के लोगों ने मृतक सुरेश बैठा के शव को मलबे से बाहर निकाला और सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। वे जिला प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि जर्जर स्कूल भवन को तुरंत पूरी तरह से गिराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसा कोई हादसा न हो। इसके साथ ही प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार और घायलों को उचित मुआवजा देने की भी मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कोविड काल यानी करीब चार-पांच साल पहले से ही इस सरकारी स्कूल भवन को जर्जर घोषित कर दिया गया था और इसमें बच्चों की पढ़ाई बंद कर दी गई थी। हालांकि, स्थानीय लोग अक्सर बारिश से बचने या आराम करने के लिए इस जर्जर भवन का इस्तेमाल करते थे और कुछ लोग रात में इसमें सोते भी थे। गुरुवार रात को भी चार से पांच लोग इस जर्जर स्कूल भवन में सो रहे थे, तभी शुक्रवार सुबह यह हादसा हो गया। ग्रामीणों की मांग है कि मृतक के परिवार को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए और जर्जर स्कूल भवन को पूरी तरह से गिराया जाए, ताकि आगे कोई जनहानि न हो।
Next Story