
रामगढ़ : हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को समाहरणालय परिसर के ब्लॉक ‘ए’ में जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान हूल क्रांति के अमर शहीद सिदो मुर्मू, कान्हू मुर्मू, फूलो मुर्मू, झानो मुर्मू, चांद मुर्मू और भैरव मुर्मू के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने शहीदों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
इस मौके पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि हूल क्रांति भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण और गौरवशाली अध्याय है। उन्होंने कहा कि आदिवासी वीरों ने जल, जंगल और जमीन तथा अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया था। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही समाज में उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाने की बात कही गई।
समाहरणालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। पूरे आयोजन में शहीदों के प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव देखने को मिला।





