झारखंड

पलामू में 5 मौतों पर MMCH पर उठे सवाल

Saba Naaz
2 July 2026 4:32 PM IST
पलामू में 5 मौतों पर MMCH पर उठे सवाल
x

Jharkhand: पलामू जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में अज्ञात बीमारी से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। इस घटना को लेकर पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर स्वास्थ्य व्यवस्था और मेदिनीनगर के MMCH अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, पिछले 15 दिनों के भीतर इस परिवार के सदस्य एक-एक कर बीमार होते गए और उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि शुरुआत में कुछ मरीजों को MMCH अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उचित जांच और इलाज के बिना उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके बाद स्थिति बिगड़ती चली गई और एक मरीज की मौत घर पर हो गई, जबकि दो लोगों ने रांची के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो अन्य सदस्य अभी भी रांची में इलाजरत हैं।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोगों में डर है कि कहीं यह बीमारी अन्य लोगों तक न फैल जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कोई विशेषज्ञ टीम गांव में नहीं भेजी गई है और न ही बीमारी की पहचान के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया है।

पूर्व मंत्री ने मांग की है कि मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय मेडिकल बोर्ड का गठन किया जाए और दोषी डॉक्टरों व अधिकारियों पर कार्रवाई हो। साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की भी मांग की गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।

Next Story