झारखंड

जमशेदपुर हत्या मामले में बढ़ा राजनीतिक तनाव

Saba Naaz
1 July 2026 4:51 PM IST
जमशेदपुर हत्या मामले में बढ़ा राजनीतिक तनाव
x

Jharkhand: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी में हुई हिमांशु सिंह की हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आदित्यपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने इस घटना को कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया।

रघुवर दास ने कहा कि इस मामले में केवल हमलावरों ही नहीं, बल्कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और यदि लापरवाही साबित होती है तो उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में अपराधियों द्वारा वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि भाजपा इस मामले को पूरी मजबूती से उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहा है और आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर ही नहीं, पूरे झारखंड में अपराध का ग्राफ बढ़ा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। रघुवर दास ने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में तबादले और नियुक्तियां योग्यता के बजाय अन्य आधारों पर हो रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है।

भाजपा ने इस घटना के विरोध में 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का समर्थन किया है। रघुवर दास ने कहा कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह मुद्दा उठाया जाता रहेगा।

Next Story