झारखंड

खूंटी में पुलिस-PLFI मुठभेड़, उग्रवादी घायल

Saba Naaz
21 Jun 2026 3:58 PM IST
खूंटी में पुलिस-PLFI मुठभेड़, उग्रवादी घायल
x

Jharkhand: खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के इंदवन इलाके में रविवार सुबह पुलिस और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पीएलएफआई का उग्रवादी श्रवण दास गोली लगने से घायल हो गया, जबकि कुछ अन्य उग्रवादियों की गिरफ्तारी की भी सूचना है।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि शनिवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जिले में सक्रिय पीएलएफआई सदस्यों के खिलाफ विशेष टीम का गठन किया गया था। इसके बाद छापेमारी कर सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार, गोलियां, डायरी और पीएलएफआई के पर्चे बरामद हुए थे।

पूछताछ के दौरान श्रवण दास ने इंदवन क्षेत्र में हथियार और गोला-बारूद छिपाने की बात स्वीकार की थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस उसे बरामदगी के लिए इंदवन लेकर पहुंची थी। इसी दौरान रविवार सुबह अंधेरे का फायदा उठाकर उसने एक सब-इंस्पेक्टर का पिस्टल छीनकर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें श्रवण दास के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसने भी पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की। घायल अवस्था में उसे तुरंत रांची स्थित रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मौके से चार छोटे हथियार और 29 गोलियां बरामद की हैं। साथ ही पहले गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों में सामु ढोढराय, सुदर्षन सोय, सलीम बोदरा, हर्षित गुड़िया, उमर खान, अलियास नील खान और विष्णु मांझी शामिल हैं। एसपी ने बताया कि श्रवण दास कर्रा, खूंटी, तोरपा, मुरहू, अड़की और रनिया क्षेत्रों में कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा और सख्त कर दी गई है और पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Next Story