
Jharkhand:चतरा जिले के पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र के सिरकोल इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.567 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की बाजार कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई आर-15 मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़कीटांड खैरा गांव निवासी मनीष मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अफीम की बड़ी खेप लेकर पत्थलगड़ा से गिद्धौर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर तत्काल छापेमारी टीम का गठन किया गया और सिरकोल इलाके में वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को संदिग्ध अवस्था में रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 2.567 किलो अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इस मामले को लेकर सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी अभियान में सिमरिया एसडीपीओ, पत्थलगड़ा थाना प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मियों की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जेल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।





