झारखंड

School van accident:जंगल में गिरी गाड़ी, 3 बच्चे घायल

Saba Naaz
16 Jun 2026 3:30 PM IST
School van accident:जंगल में गिरी गाड़ी, 3 बच्चे घायल
x

Jharkhand:हजारीबाग जिले के इचाक बाजार-डाढा पथ पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। डेवेलप पब्लिक स्कूल, बरका रतनपुर की एक निजी इको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पास के जंगल क्षेत्र में जाकर फंस गई। इस घटना में वैन में सवार तीन बच्चे घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है | जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 6:45 बजे शिव शक्ति गंगा धाम डाढा नदी पुल के पास कुरथिया जंगल क्षेत्र में हुआ। स्कूल वैन रोज की तरह डाढा गांव से बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी। बताया गया कि वाहन चालक की लापरवाही के कारण वैन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे उतरकर नीचे गड्ढों और कच्चे हिस्से में चली गई।

स्थानीय लोगों और ग्रामीणों के अनुसार, सड़क से नीचे उतरने के बाद वैन रास्ते में बने कटे हुए ट्रेंच और गड्ढों को पार करते हुए आगे बढ़ी, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर एक लकड़ी के खूंटे से टकराकर रुक गई। इसी दौरान वैन में बैठे बच्चे डर के कारण चीखने लगे। हादसे के समय वैन में लगभग दस बच्चे सवार थे, जो स्कूल जा रहे थे। इस दुर्घटना में डाढा गांव की तीन बच्चियां घायल हुईं, जिनकी पहचान आनवी कुमारी (पिता अनिल कुशवाहा), प्रीति रानी (पिता सुनील यादव) और राजू यादव की बेटी के रूप में हुई है। तीनों बच्चों के चेहरे पर चोट आई है। घटना के बाद आसपास के राहगीरों ने तुरंत स्थिति को देखा और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को वैन से बाहर निकाला। घायल बच्चों को तुरंत हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर पहले भी खराब स्थिति और गड्ढों की समस्या बनी रहती है, जिससे छोटे वाहन अक्सर असंतुलित हो जाते हैं। इस घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी भी देखी गई है और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे के पीछे ड्राइवर की लापरवाही थी या सड़क की खराब स्थिति भी जिम्मेदार रही।

Next Story