
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के पदभार संभालते ही पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी सोनु राम सरदार उर्फ सोनु मंडल (27) और गाडीडोंगरी निवासी राज लोहार शामिल हैं। वहीं, इस मामले का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल अभी फरार है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने राज लोहार को वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, घायल सोनु राम सरदार को पहले टीएमएच और बाद में एमजीएम अस्पताल में इलाज के बाद हिरासत में लेकर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान 30 जून को एक और 2 जुलाई को दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपी गिरफ्तारी के डर से झारखंड छोड़कर अन्य राज्यों में भाग गए हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस टीमों को पड़ोसी राज्यों में भेजा गया है और जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई गई है। इस कार्रवाई में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





