झारखंड

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बदले पिस्का-मुरी स्टेशन

Saba Naaz
16 July 2026 2:50 PM IST
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बदले पिस्का-मुरी स्टेशन
x

रांची: रेल मंडल के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रांची मंडल के पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है। अब दोनों स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर नए स्वरूप में यात्रियों की सेवा के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन दोनों पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे।

भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है। इसी योजना के तहत पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। पुनर्विकास के बाद इन स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, साफ-सफाई, सुरक्षा और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा।

स्टेशनों के विकास में केवल भवनों को नया रूप देने तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। दोनों स्टेशनों के भवनों को आकर्षक डिजाइन दिया गया है। प्रवेश द्वार और पोर्च को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है। स्टेशन परिसर को बेहतर बनाने के लिए रेट्रो-रिफ्लेक्टिव लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है, जिससे रात के समय स्टेशन और अधिक आकर्षक दिखाई देगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म का उन्नयन किया गया है। नए प्लेटफार्म शेल्टर, बेहतर फर्श, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, बैठने के लिए पर्याप्त स्थान, पंखे और बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इससे यात्रियों को स्टेशन पर पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक माहौल मिलेगा।

इसके अलावा स्टेशन तक पहुंचने वाले मार्ग, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग व्यवस्था में भी सुधार किया गया है। यात्रियों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली स्थापित की गई है। स्टेशन परिसर में इल्यूमिनेटेड साइनेज, आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे और आरामदायक फर्नीचर की व्यवस्था की गई है।

पुनर्विकसित स्टेशनों में स्थानीय संस्कृति और विरासत को भी महत्व दिया गया है। स्टेशन परिसर में स्थानीय कला और संस्कृति को दर्शाने वाले कलात्मक तत्व लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को क्षेत्र की पहचान और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुगम्य भारत अभियान को ध्यान में रखते हुए दोनों स्टेशनों पर दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। इनमें लिफ्ट, रैंप, हैंड रेल, टैक्टाइल पाथ, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, कम ऊंचाई वाले पेयजल बूथ और टिकट काउंटर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित पार्किंग और व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की गई है।

पिस्का रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय तैयार किया गया है। इससे यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करने के दौरान आरामदायक स्थान मिलेगा। वहीं, मुरी रेलवे स्टेशन पर प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अलग-अलग प्रतीक्षालयों के साथ आधुनिक एग्जीक्यूटिव लाउंज बनाया गया है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों स्टेशनों के पुनर्विकास का उद्देश्य सिर्फ सौंदर्यीकरण करना नहीं है, बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। आधुनिक स्टेशन बनने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रांची रेल मंडल लगातार रेलवे सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप इसी प्रयास का हिस्सा है। प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पण के बाद ये दोनों स्टेशन यात्रियों के लिए पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं के साथ उपलब्ध हो जाएंगे। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए गए इस बदलाव से झारखंड के रेल नेटवर्क को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Next Story