झारखंड

झारखंड में भीषण गर्मी से लोग हुए परेशान, कल से बढ़ सकता है पारा

Renuka Sahu
24 April 2022 4:11 AM GMT
झारखंड में भीषण गर्मी से लोग हुए परेशान, कल से बढ़ सकता है पारा
x

फाइल फोटो 

झारखंड में सोमवार से फिर मौसम में बदलाव होगा और गर्मी का कहर बढ़ेगा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क।झारखंड में सोमवार से फिर मौसम में बदलाव होगा और गर्मी का कहर बढ़ेगा। साइक्लोनिक सरकुलेशन और टर्फ लाइन सिस्टम का प्रभाव समाप्त होते ही 25 अप्रैल से पलामू प्रमंडल के अलावा उत्तरी भाग के कुछ जिलों में एक बार फिर लू लगेगी। लू के थपेड़ों के बीच उत्तर-पश्चिम एवं दक्षिण पश्चिम दिशा से गर्म हवा का बहाव होगा। इसको लेकर मौसम केंद्र की ओर से राज्य में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने यलो अलर्ट में जानकारी दी है कि राज्य में मेदिनीनगर, गढ़वा, चतरा, कोडरमा और गिरिडीह जिला के साथ-साथ निकटवर्ती क्षेत्र में भी कहीं-कहीं लू की स्थिति बनी रहेगी। शनिवार की शाम साढ़े पांच बजे जारी बुलेटिन में मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 42.5, जमशेदपुर का 41.6, गोड्डा का 40.2, देवघर का 40.1 एवं रांची का 38.5 डिग्री सेसि रहा। मेदिनीनगर, जमशेदपुर और रांची में अधिकतम तापमान अभी सामान्य से 2.0 डिग्री सेसि ही ज्यादा है, इस कारण रविवार तक इन क्षेत्रों में लू की स्थिति नही रहेगी, लेकिन दो दिन दिन बाद अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेसि तक बढ़ने से लू के हालात उत्पन्न हो सकते हैं।
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार को राज्य में कमोबेश हर इलाके में पिछले कई दिनों से लोग गर्मी से कुछ राहत महसूस कर रहे थे। लेकिन, सोमवार से फिर से तपिश बढ़ने लगेगी और धीरे-धीरे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे एक बार फिर लोग दिन में उमस भरी गर्मी और गर्म रात की स्थिति महसूस करेंगे। मौसम पूर्वानुमान में रविवार से 27 अप्रैल तक मौसम शुष्क और आसमान साफ रह सकता है।
धनबाद के लोग इन दिनों भीषण गर्मी से परेशान हैं। शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी से शनिवार को भी राहत नहीं मिली। तीखी धूप व लू से बचने के लिए अधिकतर लोग गमछा या अन्य कपड़ों से चेहरा ढंक रहे हैं। दोपहर बाद सड़कों पर कम लोग दिख रहे हैं। लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। शनिवार को धनबाद में अधिकतम तापमान 40 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। मौसम केन्द्र के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की वृद्धि की संभावना है। अगले दो-तीन दिनों में धनबाद का तापमान 42 से 43 डिग्री रहने का अनुमान है।
Next Story