झारखंड

धान-मक्का की बुआई में तेजी, बदला मौसम का रुख

Saba Naaz
6 July 2026 7:54 PM IST
धान-मक्का की बुआई में तेजी, बदला मौसम का रुख
x

नवादा। रजौली प्रखंड में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने मौसम अनुकूल होते ही खेतों में काम शुरू कर दिया है। खेतों में पर्याप्त नमी आने के बाद धान, मक्का, रागी और अरहर जैसी खरीफ फसलों की बुआई ने रफ्तार पकड़ ली है। गांवों में एक बार फिर खेती-किसानी का माहौल पूरी तरह से लौट आया है।

सुबह से ही किसान अपने-अपने खेतों में जुटे नजर आ रहे हैं। कहीं ट्रैक्टर से जुताई हो रही है तो कहीं आज भी पारंपरिक तरीके से हर-बैल के सहारे खेत तैयार किए जा रहे हैं। खेतों में बढ़ती हलचल से ग्रामीण इलाकों में रौनक लौट आई है।

रामदासी गांव में पारंपरिक खेती की झलक भी देखने को मिली, जहां किसान राजेंद्र प्रसाद अपनी पत्नी के साथ खेत में काम करते नजर आए। राजेंद्र प्रसाद बैलों से हल चला रहे थे, जबकि उनकी पत्नी पीछे-पीछे बीज छिड़क रही थीं। यह दृश्य आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में जीवित पारंपरिक कृषि व्यवस्था को दर्शाता है।

किसानों का कहना है कि बारिश के बाद खेतों की मिट्टी पूरी तरह से जुताई के लिए तैयार हो गई है और समय पर बुआई होने से इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद है। किसानों का मानना है कि छोटे खेतों और नमी वाली जमीन में बैलों से जुताई आज भी अधिक उपयोगी साबित होती है।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी रौशन कुमार ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम का पूरा लाभ उठाएं और उन्नत किस्म के बीजों के साथ संतुलित उर्वरकों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि समय पर देखभाल और सही तकनीक अपनाने से खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।

कुल मिलाकर बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर खुशी लौटाई है, वहीं खरीफ फसलों की बुआई में तेजी आने से अच्छी फसल की उम्मीद भी बढ़ गई है।

Next Story