
नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के बौरी गांव में 7 वर्षीय आर्यन राज की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में नामजद आरोपी मो. कुर्बान मियां फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने खुद मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने उस तालाब का भी जायजा लिया, जहां शनिवार शाम आर्यन का शव मिला था। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि आर्यन की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या है। उनका कहना है कि आरोपी के साथ पहले भी अमरूद तोड़ने को लेकर विवाद हुआ था और परिवार को धमकियां दी गई थीं। इसी आधार पर काशीचक थाने में आरोपी सहित दो से चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
परिजनों का यह भी कहना है कि आर्यन उस तालाब में नहाने नहीं जाता था, जहां से उसका शव मिला। उनके अनुसार यह तालाब हाल ही में बनाया गया था, जबकि बच्चा घर के पास पुराने पोखर में नहाने जाता था। वहीं पुलिस ने कुछ नाबालिगों से पूछताछ की है, जिन्होंने डूबने से मौत होने की बात कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी ली गई, लेकिन कोई अहम सुराग नहीं मिला। आरोपी घटना के बाद से फरार है। डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच की गई, जिसमें टीम आरोपी के गैराज तक पहुंची, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि मामले में हर पहलू की जांच की जा रही है और किसी भी तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है, और लोग जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।





