झारखंड

Gumla: प्रशासन की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण

Saba Naaz
19 Jun 2026 5:47 PM IST
Gumla: प्रशासन की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण
x

Jharkhand: गुमला जिले के पालकोट प्रखंड की कुल्लूकेरा पंचायत स्थित सिंजाग गांव में सड़क की गंभीर समस्या से परेशान ग्रामीणों ने खुद ही सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया है. वर्षों से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग करने के बावजूद जब कोई समाधान नहीं मिला, तो लोगों ने श्रमदान का सहारा लिया.

ग्रामीणों ने मिलकर करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क बनाने की शुरुआत की है. इस काम में गांव के सैकड़ों महिला और पुरुष शामिल हो रहे हैं. लोगों ने आपसी सहयोग से प्रत्येक घर से 100 रुपये चंदा भी इकट्ठा किया है, ताकि निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा सके. यह सड़क सिंजाग गांव को आंबाटोली, ऊपरघाट और डांड़टोली से जोड़ती है और प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने का मुख्य मार्ग है.

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह रास्ता पूरी तरह खराब हो जाता है, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है. खासकर मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार शिकायत और मांग के बावजूद सड़क निर्माण पर कोई काम नहीं हुआ.

स्थानीय लोगों ने बताया कि विधायक की ओर से सड़क बनाने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. मजबूरी में ग्रामीणों को खुद ही कुदाल और फावड़ा लेकर काम शुरू करना पड़ा.

ग्रामीणों की इस पहल ने जहां उनकी मजबूरी को दिखाया है, वहीं जनसहभागिता की एक मिसाल भी पेश की है. अब लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस सड़क को जल्द पक्का रूप मिलेगा और उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा.

Next Story