
Jharkhand: गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत घटगांव पंचायत के टांगरटोली गांव से दो नाबालिग किशोरियों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों किशोरियां पिछले चार दिनों से घर से गायब हैं और अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। लगातार खोजबीन के बावजूद कोई सुराग न मिलने से परिजनों में गहरी चिंता और दहशत का माहौल है।
लापता किशोरियों की पहचान 15 वर्षीय आशिका केरकेट्टा और 15 वर्षीय रोशनी उरांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों 16 जून की सुबह नदी में नहाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। पहले परिवार ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
दोनों बच्चियों के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे संपर्क करना संभव नहीं हो पाया। अचानक दोनों का एक साथ गायब हो जाना परिजनों के लिए चिंता का कारण बन गया है और वे अपहरण की आशंका जता रहे हैं।
आशिका आठवीं कक्षा की छात्रा है जबकि रोशनी ने पढ़ाई छोड़ दी थी। दोनों अच्छी सहेलियां बताई जाती हैं। मामले की सूचना मिलने के बाद गुमला पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चियों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।





