झारखंड

कुड़ू में लोगों की पहल से बनी नई सड़क

Saba Naaz
5 July 2026 5:07 PM IST
कुड़ू में लोगों की पहल से बनी नई सड़क
x

Jharkhand: लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से लगातार गुहार लगाने के बाद भी जब जर्जर सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो ग्रामीणों ने खुद ही पहल करते हुए श्रमदान से दो किलोमीटर लंबी सड़क को दुरुस्त कर दिया। रविवार को लावागाई पंचायत के लोग बड़ी संख्या में फावड़ा, कुदाल, टोकरी और अन्य औजार लेकर सड़क पर उतर आए और सामूहिक प्रयास से सड़क को आवागमन योग्य बना दिया।

यह सड़क लावागाई को लोहरदगा सदर प्रखंड के ऐने, बाघा, नदीनगड़ा, रामपुर, बख्शी और नगड़ा समेत कई गांवों से जोड़ती है। लंबे समय से सड़क की हालत बेहद खराब थी और बारिश के मौसम में यहां से गुजरना मुश्किल हो गया था। पैदल चलना भी कठिन हो चुका था और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रखंड प्रशासन, जिला प्रशासन, स्थानीय विधायक और सांसद से सड़क मरम्मत की मांग की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी के बाद ग्रामीणों ने बैठक कर श्रमदान से सड़क सुधारने का निर्णय लिया।

सड़क निर्माण कार्य के लिए मोरम और डस्ट की व्यवस्था बिरसा ग्लोबल स्कूल के संचालक संजय कुमार साहू ने की। जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों में करीब 50 ट्रैक्टर मोरम और डस्ट सड़क पर डाला गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने मेहनत कर सड़क को समतल किया। इस सामूहिक प्रयास में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। रंजीत उरांव, अशोक उरांव, सुखदेव उरांव, बिराज उरांव और सोमनाथ उरांव सहित कई लोगों ने इस अभियान में भाग लिया।

इस सड़क से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलती है, वहीं छात्र-छात्राएं भी स्कूल और कॉलेज जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण लंबे समय से लोगों को परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों ने कहा कि मजबूरी में उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब प्रशासन इस सड़क के स्थायी निर्माण और मरम्मत की दिशा में जल्द कार्रवाई करेगा ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

Next Story