झारखंड

मनरेगा संचालन दोबारा शुरू, सेवकों ने संभाला काम

Saba Naaz
22 Jun 2026 2:50 PM IST
मनरेगा संचालन दोबारा शुरू, सेवकों ने संभाला काम
x

Jharkhand: झारखंड के जामताड़ा जिले में पिछले 103 दिनों से जारी मनरेगा रोजगार सेवकों की हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई। लंबे समय से आंदोलन पर रहे कर्मियों ने आखिरकार काम पर वापसी करते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी दोबारा संभाल ली। रोजगार सेवकों की वापसी से ग्रामीण विकास योजनाओं के फिर से गति पकड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मनरेगा कर्मी संघ के नेतृत्व में रोजगार सेवक नारायणपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन देकर प्रशासन को अपनी वापसी की जानकारी दी। इस दौरान राधेश्याम पंडित के नेतृत्व में सभी कर्मियों ने एकजुट होकर कार्यभार संभाला और योजनाओं के संचालन में अपनी भूमिका फिर से शुरू की।

लंबे समय तक चली हड़ताल के कारण प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा की कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रभावित हो गई थीं। मजदूरों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने और विकास कार्यों के क्रियान्वयन में लगातार बाधाएं आ रही थीं। ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की प्रगति भी धीमी पड़ गई थी, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासन की ओर से भी रोजगार सेवकों को लगातार पत्राचार और संवाद के माध्यम से काम पर लौटने की अपील की जा रही थी। अंततः बातचीत और समझाइश के बाद कर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर दी। अधिकारियों का मानना है कि उनकी वापसी से लंबित योजनाओं को जल्द पूरा किया जा सकेगा।

रोजगार सेवकों की वापसी से मनरेगा कार्यों के सामान्य होने और ग्रामीण विकास योजनाओं में तेजी आने की उम्मीद बढ़ गई है। अब गांवों में रुके हुए कार्यों को फिर से शुरू किया जाएगा और मजदूरों को रोजगार मिलने में भी आसानी होगी।

इस मौके पर राधेश्याम पंडित के साथ कई रोजगार सेवक मौजूद रहे, जिनमें अनिल चौधरी, अब्दुल्लाह, मेघलाल रजक, सरीफ आलम, सुमंतो दास, हैदर अली और अन्य कर्मी शामिल थे। सभी ने सामूहिक रूप से अपनी जिम्मेदारी दोबारा संभाली।

Next Story