झारखंड

स्वास्थ्य विभाग की बड़ी तैयारी

Saba Naaz
25 Jun 2026 9:17 PM IST
स्वास्थ्य विभाग की बड़ी तैयारी
x

Jharkhand: झारखंड में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 से 30 जून तक विशेष पोलियो उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान राज्य के 5 वर्ष से कम उम्र के लगभग 61.26 लाख बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

अभियान के पहले दिन यानी 28 जून को पूरे राज्य में 24,507 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों तक पहुंचेंगी, जो किसी कारणवश बूथ पर नहीं आ सके होंगे, ताकि कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रह जाए।

इस अभियान की तैयारियों की समीक्षा गुरुवार को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहिया, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से जन-जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने सभी संस्थाओं से अपील की कि वे पोलियो उन्मूलन संदेश को हर गांव, टोला और बस्ती तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि अभियान पूरी तरह सफल हो सके।

जानकारी के अनुसार भारत वर्ष 2011 से वाइल्ड पोलियो वायरस से मुक्त है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अभी भी पोलियो वायरस के मामले सामने आने के कारण सतर्कता बरती जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि लक्ष्य शत-प्रतिशत बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाना है, जिससे राज्य में पोलियो को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाया जा सके।

Next Story