
Jharkhand: सिमडेगा जिले में ठेठईटांगर थाना पुलिस ने गांजा तस्करी से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज पुराने मामले में की गई है।
पुलिस के अनुसार यह मामला थाना कांड संख्या 24/2026, दिनांक 3 जून 2026, धारा 20(b)(ii)(B)/29 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है। इस मामले में पुलिस लंबे समय से फरार चल रही महिला आरोपी की तलाश कर रही थी। 25 जून को विशेष छापेमारी दल ने कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान एस ज्योत्सना डोरा उर्फ सिमरन चौधरी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के गंजाम जिले के गोकुनुपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है और वर्तमान में पुरी जिले के पिपली थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर में रह रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार महिला इस मामले के प्राथमिक आरोपी विनय बिरेंद्र कुल्लू को ओडिशा से गांजा सप्लाई करने में शामिल थी। इस नेटवर्क के जरिए गांजा की आपूर्ति की जा रही थी, जिसकी जांच पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। यह फोन वन प्लस कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बताया गया है, जिसे जांच के लिए पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए तकनीकी और फील्ड इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती एक बार फिर सामने आई है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





