
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह में अलग-अलग योजनाओं के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पचंबा पुलिस ने राधा स्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा, उनकी पत्नी अनीषा सिन्हा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार लोगों को वाहन, आवास, जमा राशि और दूसरी योजनाओं में आकर्षक लाभ देने का कथित तौर पर भरोसा दिलाया गया था। आरोप है कि इन योजनाओं के जरिए बड़ी संख्या में लोगों से पैसे जमा कराए गए। शुरुआती जांच में पुलिस को करीब आठ से दस करोड़ रुपये की कथित ठगी से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। जांच आगे बढ़ने पर रकम का आंकड़ा बदल सकता है।





