झारखंड

लैब रिपोर्ट में खुलासा, तेल में खतरनाक मिलावट

Saba Naaz
3 July 2026 7:58 PM IST
लैब रिपोर्ट में खुलासा, तेल में खतरनाक मिलावट
x

झारखंड: पलामू जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में लैब रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया है। स्टेट फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री, रांची की जांच में पुष्टि हुई है कि मौत का कारण सरसों तेल में खतरनाक रसायन की मिलावट थी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पीड़ित परिवार के घर से लिए गए सरसों तेल के सैंपल की जांच में आर्गेमोन मैक्सिकाना (कटेला या पीला धतूरा) के तेल की मिलावट पाई गई। यह तेल मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक माना जाता है और इसके सेवन से गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, कटेला एक खर-पतवार है, जिसके बीज सरसों के बीजों जैसे दिखते हैं। ग्रामीण इलाकों में यह समस्या तब पैदा होती है जब कटेला के बीज अनजाने में सरसों के साथ मिल जाते हैं। बाद में इन्हें पेराई के दौरान तेल में मिला दिया जाता है, जिससे पूरा तेल जहरीला बन जाता है। विशेषज्ञों ने बताया कि आर्गेमोन तेल की थोड़ी सी भी मिलावट स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक होती है। इसके सेवन से ड्रॉप्सी जैसी गंभीर बीमारी हो सकती है, जिसमें शरीर में सूजन, अंगों की कार्यक्षमता में गिरावट और कई अन्य गंभीर लक्षण सामने आते हैं।

पीड़ित परिवार के सदस्यों में भी ऐसे ही लक्षण देखे गए थे, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में चिंता बढ़ा दी है। लैब की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को सौंप दी गई है। इसके बाद प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अब ग्रामीण इलाकों में तेल मिलों और बाजारों में बिकने वाले सरसों तेल की सख्त जांच की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मिलावटखोरी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।

Next Story