झारखंड

JSSC भर्ती: इंटर पास अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा मौका

Saba Naaz
25 Jun 2026 9:38 PM IST
JSSC भर्ती: इंटर पास अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा मौका
x

रांची। झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2026 के तहत कुल 326 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य के विभिन्न विभागों में नियमित पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 तय की गई है।

आयोग के अनुसार, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू होगी, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि तक रहेगी। फीस भुगतान, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने तथा आवेदन का प्रिंट निकालने की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। वहीं आवेदन में सुधार करने का अवसर 21 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक दिया जाएगा। इस भर्ती में विभिन्न पद शामिल हैं, जिनमें स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के 137 पद, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 62 पद, मत्स्य तकनीकी सहायक के 41 पद, कीट संग्रहकर्ता के 32 पद, वेटनरी सहायक या चिकित्सा सहायक के 27 पद तथा कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक के 27 पद शामिल हैं। कुल मिलाकर 326 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

परीक्षा शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये शुल्क रखा गया है। झारखंड के एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं दिव्यांग अभ्यर्थियों (40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता) को परीक्षा शुल्क में पूरी छूट दी गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी अभ्यर्थी द्वारा गलत श्रेणी में आवेदन किया जाता है तो उनका फॉर्म तुरंत रद्द कर दिया जाएगा। साथ ही बिना शुल्क भुगतान के आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। परीक्षा के स्वरूप के अनुसार यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) या OMR आधारित हो सकती है। भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी, जिसमें पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा या मेंस परीक्षा आयोजित की जाएगी। जो अभ्यर्थी इसमें सफल होंगे उन्हें आगे मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।

शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और पाठ्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले पूरा विज्ञापन ध्यानपूर्वक पढ़ें ताकि किसी भी प्रकार की गलती से बचा जा सके। इस भर्ती को झारखंड में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय बाद इंटर स्तरीय पदों पर इतनी बड़ी संख्या में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है।

Next Story