
x
Jharkhand झारखंड: धनबाद जिले में शुक्रवार को एक बड़ा कोयला खदान हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। बाघमारा के बीसीसीएल एरिया-4 के अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में एक ओपन कास्ट प्रोजेक्ट में मिट्टी धंसने (ओबी स्लाइड) के कारण मजदूरों से भरी एक सर्विस वैन लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि इस वाहन में आठ मजदूर सवार थे। खदान में पानी भरा होने के कारण मजदूरों के उसमें फंसकर डूबने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल प्रबंधन, बचाव दल और धनबाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। सुरक्षा विभाग की टीम ने रस्सियों के सहारे खाई में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। जेसीबी मशीनों से रास्ता भी बनाया जा रहा है ताकि और बचावकर्मी मौके पर पहुँच सकें। बीसीसीएल अधिकारियों ने बताया कि कुछ मजदूरों को निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए खदान प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि डीजीएमएस के नियमों की अनदेखी की गई और ट्रेंच कटिंग उस तरह से नहीं की गई जैसी होनी चाहिए थी। इसी लापरवाही के कारण यह भयानक हादसा हुआ। इतना ही नहीं, हादसे के दौरान पास की बस्ती में ज़मीन धंस गई, जिससे कई घर ढह गए। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया।धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने इस हादसे को बीसीसीएल प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा बताया और इसकी उच्चस्तरीय जाँच की माँग की। सांसद ने बताया कि अब तक छह मज़दूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
Next Story





